
बिलासपुर। व्यापार विहार स्थित शराब भट्ठी के पास दो युवकों के बीच हुए मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही तारबाहर पुलिस सक्रिय हो गई। घटना के वायरल होते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुँची और वीडियो में दिखाई दे रहे एक युवक की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में दो युवक आपस में झगड़ा और मारपीट करते नजर आए, जो सार्वजनिक स्थान पर अशांति फैलाने की श्रेणी में आता है। इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी की पहचान दुर्गेश साहू पिता महेत्तर साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम चपोरा थाना रतनपुर, हाल पता चंदेला नगर थाना सिविल लाइन बिलासपुर के रूप में की है।
पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर जाकर पूछताछ करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना लाकर उसके विरुद्ध शांतिभंग और कानून-व्यवस्था भंग करने की आशंका को देखते हुए प्रतिबंधात्मक धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके बाद आरोपी को विधि सम्मत कार्रवाई पूर्ण कर सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
तारबाहर पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर लड़ाई-झगड़ा, मारपीट और अशांति फैलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर ऐसी घटनाओं के वायरल होते ही पुलिस त्वरित रूप से प्रभावी कदम उठाएगी।




