राष्ट्रीय राजमार्ग पर लूटपाट व हत्या करने वाले गिरोह पर बिलासपुर पुलिस का प्रहार .

बिलासपुर । राष्ट्रीय राजमार्ग पर लूटपाट कर हत्या करने वाले गिरोह पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में ए.सी.सी.यू. (सायबर सेल) बिलासपुर एवं थाना कोनी की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, धारदार चाकू, मोबाइल फोन एवं नगद राशि बरामद की है। जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी लूटपाट के मामलों में जेल जा चुके हैं और कोनी के अलावा हिर्री एवं चकरभाठा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक चालकों से लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस ने घटना स्थल एवं आसपास के करीब 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्य एवं स्थानीय सूचना के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने 17 अगस्त 2025 को कोनी क्षेत्र में ट्रक चालक से लूट के दौरान हेल्पर पारस केंवट पर चाकू से हमला करना स्वीकार किया। इलाज के दौरान हेल्पर की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद प्रकरण में हत्या की धाराएं जोड़ी गईं।
आरोपियों के विरुद्ध थाना कोनी, हिर्री एवं चकरभाठा में पंजीबद्ध प्रकरणों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। इस सफल कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा सराहना करते हुए नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है।

गिरफ्तार आरोपी
1 जय दिवाकर, पिता बबला दिवाकर, उम्र 20 वर्ष, निवासी बजरंग नगर आवास पारा तिफरा, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर।
2 सूरज साहू, पिता सुरेश साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी राम मंदिर के पास तिफरा, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर।
3 प्रदीप धुरी, पिता परसराम धुरी, उम्र 19 वर्ष, निवासी मन्नाडोल तिफरा, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर।




