‘राम के नाम पर चंदा चोरी?’ बोदरी में कांग्रेस का ज्वाला-प्रदर्शन, मटकी यात्रा से हिली भाजपा की सियासी जमीन ..

बिलासपुर ( बोदरी ) : अयोध्या श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के जिन्न ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में भूचाल ला दिया है। बिलासपुर के बोदरी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक और पूर्व विधायक सियाराम कौशिक के नेतृत्व में उतरी महिलाओं की ‘मटकी यात्रा’ ने सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ अब तक का सबसे आक्रामक फ्रंट खोल दिया है। ढोल-मांदर की गर्जना और भाजपा-विरोधी नारों से गूंजती इस रैली ने चकरभाठा हनुमान मंदिर से राम मंदिर तक पहुंचकर जब प्रतीकात्मक मटकियां फोड़ीं, तो लगा मानो भाजपा के सियासी दावों का ‘पाप का घड़ा’ फुट गया हो!
मटकियों पर लिखे सवालों की बौछार, कटघरे में भाजपा!

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं के सिर पर सजी मटकियां केवल बर्तन नहीं, बल्कि सत्ता से पूछे गए तीखे सवालों का बारूद थीं:
* आस्था का सौदा कब तक? मटकियों पर साफ लिखा था—”मुंह में राम, बगल में छुरा, चढ़ावा चोरों से दूरी है जरूरी!”
* नैतिकता पर प्रहार: “चंदा चोरों शर्म करो, राम को बदनाम मत करो” और “पाप का घड़ा भर गया है” प्रधान तो झांकी है नरेंद्र अभी बाकी है ” नरेंद्र तुम एक काम करो चूड़ी पहन के डांस करो ” जैसे नारों ने भाजपा के ‘रामभक्ति’ के दावों की बखिया उधेड़ दी।
आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं’ — गीतांजलि कौशिक की ललकार ..

शेरनी की तरह गरजते हुए गीतांजलि कौशिक ने सीधा हमला बोला:
“श्रीराम मंदिर केवल पत्थरों का ढांचा नहीं, देश के 140 करोड़ लोगों की सांसों और आस्था का केंद्र है! चढ़ावे की चोरी का सच देश के सामने आना ही चाहिए। जो लोग धर्म का चोला पहनकर आस्था पर डकैती डाल रहे हैं, उन्हें किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा!”
वहीं पूर्व विधायक सियाराम कौशिक ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार की चुप्पी पर निशाना साधते हुए कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों का असली चेहरा अब बेनकाब हो चुका है।
सियासी गलियारों में खलबली
बोदरी के इस अनूठे और तेज़ाबी प्रदर्शन ने केवल नगर का ध्यान ही नहीं खींचा, बल्कि प्रदेश स्तर पर भाजपा को रक्षात्मक मुद्रा में ला खड़ा किया है। कांग्रेस का यह सख्त रुख साफ संकेत दे रहा है—जब तक जांच नहीं, तब तक सांस नहीं!



