
बिलासपुर / सरकण्डा थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने पुलिस की त्वरित कार्रवाई एक बार फिर सामने आई है। नूतन चौक क्षेत्र में तीन युवकों द्वारा बीच चौराहे पर विवाद करने और विडियो वायरल होने की बात को लेकर झगड़ा करने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम के पहुंचने पर भी युवक बाज नहीं आए और मौके पर ही हुज्जतबाजी तथा आसपास मौजूद लोगों को डराने-धमकाने की हरकतें जारी रखीं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर शहर में लगातार पेट्रोलिंग एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री राजेन्द्र जायसवाल एवं सीएसपी सिविल लाइन श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकण्डा निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान 07 दिसंबर 2025 को नूतन चौक में लड़ाई की सूचना मिलने पर टीम तत्काल कार्रवाई हेतु पहुँची।
तीन आरोपियों—
1. विकास साहू, पिता मंतराम साहू, उम्र 32 वर्ष, निवासी नूतन चौक फ्रेंड्स कॉलोनी
2. अजय कुमार साहू, पिता मंतराम साहू, उम्र 32 वर्ष, निवासी नूतन चौक
3. शमसाद खान, पिता मोहम्मद रमजान, उम्र 32 वर्ष, निवासी स्टेट बैंक के सामने, सरकण्डा
को हिरासत में लिया। तीनों युवकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं में प्रकरण दर्ज करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में शांति भंग करने वाले एवं अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।




