
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कुर्मी समाज का दूसरा जिला अधिवेशन रविवार को पंडित देवकीनंदन दीक्षित सभा भवन में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। हजारों की संख्या में पहुंचे समाजजन ने इसे ऐतिहासिक बना दिया। कार्यक्रम में समाज की एकता, संगठन विस्तार, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विस्तृत विमर्श हुआ।

अधिवेशन का मुख्य आकर्षण रहा युवक–युवती परिचय सम्मेलन, जिसमें 25 युवतियों और 22 युवकों ने मंच पर अपना परिचय दिया। समाज के भीतर “संजोग” निर्माण की इस पहल की व्यापक सराहना हुई। इसके साथ ही प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र–छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ‘संजोग पत्रिका’ का विमोचन भी किया गया।

अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, जांजगीर–चांपा विधायक व्यास नारायण कश्यप तथा महापौर पूजा विधानी उपस्थित रहे। नेताओं ने समाज की शिक्षा, संगठन, युवाओं के भविष्य और सामाजिक सामंजस्य पर जोर देते हुए कई घोषणाएँ कीं।

अमर अग्रवाल ने बिलासपुर में सामुदायिक भवन निर्माण का आश्वासन दिया। विधायक दिलीप लहरिया ने 25 लाख तथा 10 लाख सांसद प्रतिनिधि मद से सहायता की घोषणा की। वहीं अटल श्रीवास्तव ने रतनपुर में समाज भवन निर्माण हेतु सहयोग का भरोसा दिया। नेताओं ने कहा कि कुर्मी समाज मेहनत, एकता और अनुशासन के दम पर प्रदेश में मजबूत पहचान स्थापित कर रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्याममूरत कौशिक ने की। कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मी कांत कौशिक, महासचिव डॉ. गणेश कौशिक तथा कार्यक्रम संयोजक राजेंद्र वर्मा सहित समाज के सभी पदाधिकारी, फिरका अध्यक्ष और जिलेभर से प्रतिनिधि मौजूद रहे। समापन अवसर पर वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम समाज की शक्ति और नई दिशा का प्रतीक है तथा इसी ऊर्जा के साथ समाज आगे बढ़ता रहेगा।




