
बिलासपुर । जिले में अवैध धान भण्डारण और परिवहन पर प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। कलेक्टर के निर्देश पर सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर की गई संयुक्त छापामार कार्रवाई में करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य का अवैध धान जब्त किया गया।
अपर कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी एस.एस. दुबे ने बताया कि पहली कार्रवाई कृषि उपज मण्डी समिति जयराम नगर क्षेत्र के ग्राम पचपेड़ी में की गई, जहां हेमंत नारजे के गोदाम से 67 बोरी में भरा कुल 27 क्विंटल धान बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में धान का भण्डारण बिना आवश्यक दस्तावेजों के पाया गया।
दूसरी कार्रवाई कृषि उपज मण्डी समिति बिलासपुर के अंतर्गत ग्राम बसहा, बेलतरा में की गई। यहां भी 50 बोरी में भरे करीब 20 क्विंटल अवैध धान का पता चला, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों ही मामलों में मण्डी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग तथा मण्डी विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर खरीदी अवधि के दौरान अवैध भण्डारण, परिवहन एवं खरीद-फरोख्त पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा और व्यवस्थित खरीदी सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में लगातार औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान जारी रहेगा।
प्रशासन ने धान खरीदी से जुड़े सभी व्यक्तियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाएगी।




