
बिलासपुर : गरीबी की मार इंसान से क्या-क्या नहीं कराती, इसकी एक रोंगटे खड़े कर देने वाली मिसाल बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में देखने को मिली। घोंघा नदी स्थित विंध्यासर एनीकट पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय राजमिस्त्री मुकेश उर्फ हेतराम साहू की डूबने से मौत हो गई।
मुकेश पेशे से मजदूरी कर परिवार का पेट पालता था। शाम लगभग चार बजे जब वह एनीकट पार कर रहा था, तभी उसकी चप्पल तेज बहाव में बह गई। एक गरीब के लिए शायद वह चप्पल भी उसकी गाढ़ी कमाई का हिस्सा थी, जिसे खोना वह बर्दाश्त नहीं कर सका। चप्पल बचाने की इसी कोशिश में उसका संतुलन बिगड़ा और वह गहरे पानी में जा समाया।
“उन्हें क्या पता था कि गरीबी का यह दर्द उनकी जिंदगी की आखिरी सांस बन जाएगा। अपनी मामूली चप्पल बचाने की मामूली सी कोशिश उनकी जान पर भारी पड़ जाएगी।”
सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और एसडीआरएफ की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम छह बजे मुकेश का शव बाहर निकाला गया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
दैनिक भूमि न्यूज़ की अपील
बारिश के मौसम में नदी-नाले और एनीकट उफान पर हैं। पानी का बहाव बेहद तेज और जानलेवा है। दैनिक भूमि न्यूज़ आप सभी से अपील करता है कि ऐसे खतरों वाले स्थानों पर जाने से बचें। किसी भी छोटी या सस्ती वस्तु को बचाने के चक्कर में अपनी अनमोल जान को जोखिम में न डालें। सावधान रहें, सुरक्षित रहें!




