Bilaspur

जेसीबी टायर में हवा भरते समय हुआ जोरदार ब्लास्ट, हेल्पर की मौत, 3 घायल.

बिलासपुर: ‘काल’ कब, कहां और किस रूप में सामने आ जाए, कोई नहीं जानता। चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित फॉर्च्यून एलीमेंट कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक ऐसा ही रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ, जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। जिस हवा को जिंदगी का आधार माना जाता है, वही हवा पल भर में मौत का सबब बन गई। कॉलोनी परिसर में खड़ी एक जेसीबी मशीन के विशालकाय टायर में हवा भरने के दौरान अचानक इतना भीषण विस्फोट हुआ कि वहां मौजूद लोग तिनकों की तरह हवा में उछल गए।
यह धमाका सुबह करीब 11:00 बजे हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, ब्लास्ट इतना जोरदार था कि टायर का भारी-भरकम डिस्क और लोहे के अन्य हिस्से बुलेट की रफ्तार से छिटके। इसकी चपेट में आने से जेसीबी के हेल्पर उमाकांत कौशिक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। लोहे के टुकड़ों और हवा के भयंकर दबाव ने उमाकांत को संभलने तक का मौका नहीं दिया।
मलबे की तरह उड़े लोग, अस्पताल में भर्ती

धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास खड़े कर्मचारी ऐसे हवा में उछल गए जैसे मामूली कंकड़-पत्थर हों। इस खौफनाक मंजर में टायर मिस्त्री ओसामा, जेसीबी चालक भूपेंद्र राव और एक अन्य कर्मचारी अमृत लाल यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आहतों की स्थिति:
– मृतक: उमाकांत कौशिक (जेसीबी हेल्पर)
– घायल: ओसामा (टायर मिस्त्री), भूपेंद्र राव (चालक), अमृत लाल यादव (कर्मचारी)

घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा थाना पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मलबे से निकालकर तत्काल बिलासपुर के श्रीराम केयर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह हादसा मैकेनिकली फेलियर था या लापरवाही, पुलिस हर पहलू से इस ब्लास्ट के कारणों की बारीकी से जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page