बिलासपुर

मोदी की अपील पर कांग्रेस का तीखा हमला, महंगाई पर घिरी सरकार .

बिलासपुर /प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने प्रेसवार्ता में कहा कि देश पहले से ही महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस संकट से जूझ रहा है, ऐसे समय में लोगों से कम उपयोग करने की सलाह देना जनता की परेशानियों को नजरअंदाज करने जैसा है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि किसानों को उर्वरक कम उपयोग करने की सलाह दी जा रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि देश में खाद की भारी कमी बनी हुई है। नेताओं का कहना है कि छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में जरूरत के मुकाबले बहुत कम उर्वरक सोसायटियों तक पहुंच पा रहा है, जिससे किसानों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। खाद की कमी और बढ़ती कीमतों के कारण खेती की लागत बढ़ रही है और उत्पादन प्रभावित हो रहा है।

महंगाई के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने सरकार को घेरा। पार्टी नेताओं ने कहा कि आटा, दाल, तेल, गैस, पेट्रोल और डीजल जैसे जरूरी सामानों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी का बजट बिगड़ गया है और हर वर्ग आर्थिक दबाव झेल रहा है।

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं, पेट्रोल-डीजल पर टैक्स और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर भी सवाल उठाए। साथ ही दावा किया कि आर्थिक संकट से निपटने के लिए राहुल गांधी के मार्गदर्शन में विशेषज्ञों के साथ मिलकर एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है, लेकिन सरकार विपक्ष के सुझावों को नजरअंदाज कर रही है।

कांग्रेस का कहना है कि जनता को राहत चाहिए, लेकिन सरकार केवल अपील तक सीमित है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page