
बिलासपुर (कोनी): जिले के कोनी थाना अंतर्गत ग्राम कछार में गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। शासकीय प्राथमिक शाला, स्कूलपारा में आयोजित डांस प्रोग्राम के दौरान वीडियो बनाने की बात को लेकर तीन युवकों ने एक नाबालिग और उसके साथियों पर जानलेवा हमला कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी आर्यन कुमार कुर्रे (17 वर्ष) निवासी कछार अपने साथियों के साथ स्कूल में आयोजित डांस प्रोग्राम देखने गया था। कार्यक्रम के दौरान एक युवती ने अपना मोबाइल देकर आर्यन से वीडियो बनाने का आग्रह किया। जब आर्यन वीडियो बना रहा था, तभी गांव के ही दुर्गेश भोई, रितिक भोई और हेमलाल साहू वहां पहुंचे और “वीडियो क्यों बना रहे हो?” कहकर विवाद शुरू कर दिया।
गाली-गलौज और बेल्ट-डंडे से हमला
विवाद इतना बढ़ा कि तीनों आरोपियों ने मिलकर प्रार्थी को मां-बहन की अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए मुक्का, डंडा और बेल्ट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में आर्यन के सिर, पीठ, होंठ और दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। जब बीच-बचाव करने प्रार्थी के साथी अमन और फेकूराम सामने आए, तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की।
पुलिस की कार्रवाई
कोनी थाना पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 29/2026 के तहत आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जा रही है।




