तारबाहर पुलिस ने पान ठेला चोरी का खुलासा कर 7 नाबालिग बालकों को पकड़ा .

बिलासपुर / तारबाहर पुलिस ने पान ठेला में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए 7 विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई थाना तारबाहर, जिला बिलासपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 80/2026 के तहत की गई, जिसमें धारा 333(1), 305(1), 3(5) बीएनएस के प्रावधान शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मार्च 2026 को प्रार्थी मनोज कुमार कुर्रे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि व्यापार विहार स्थित रामा पार्ट के पास उनके टी-स्टॉल पान ठेला एवं हरदास चाय दुकान का ताला अज्ञात चोरों द्वारा तोड़ दिया गया। आरोपियों ने दुकान से 115 पैकेट सिगरेट, 18 पैकेट गुटखा पाउच तथा 300 रुपये नगद चोरी कर लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर कुछ नाबालिग बच्चों को संदेह के आधार पर पकड़कर पूछताछ की गई, जहां उन्होंने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया। साथ ही बालकों ने थाना तोरवा, सिटी कोतवाली और सिविल लाइन क्षेत्र में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया है। सभी बालकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें बाल न्यायालय में पेश किया गया।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक रविन्द्र अनंत, उपनिरीक्षक रामनरेश यादव सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों का सराहनीय योगदान रहा।




