बिलासपुरसिटी कोतवाली

सिटी कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतर-थाना बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ .

बिलासपुर। शहर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने एक शातिर चोर गिरोह को दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी आयुष एक्का (20 वर्ष) और दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है, जबकि इनका एक साथी हरिओम जोशी फिलहाल फरार है।
लाखों का मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 5 लग्जरी मोटरसाइकिलें और घर से चोरी किया गया अन्य सामान जब्त किया है। बरामद किए गए सामान की कुल कीमत करीब 4 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है। जब्त वाहनों में:
* 3 रॉयल एनफील्ड बुलेट
* 1 पल्सर NS
* 1 जावा-42 मोटरसाइकिल शामिल हैं।
इसके अलावा, पुलिस ने संकरी क्षेत्र के एक सूने मकान से चोरी हुए LED टीवी, कैमरा, साउंड बॉक्स, रूम हीटर, चांदी के पायल और कंप्यूटर एक्सेसरीज भी बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल कटर और हथौड़ी भी जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
मामले का खुलासा तब हुआ जब दयालबंद निवासी अमन सिंह बघेल की बुलेट चोरी होने पर अपराध दर्ज किया गया। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर गठित टीम को सूचना मिली कि शनिचरी ‘हैप्पी स्ट्रीट’ के पास कुछ युवक संदिग्ध हालत में बुलेट बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में लिया, जिसके बाद पूछताछ में आरोपियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों (सिविल लाइन, मोपका और संकरी) से वाहन चोरी की बात स्वीकार की।
इस पूरी कार्रवाई में सिटी कोतवाली, एसीसीयू (ACCU), संकरी और मोपका पुलिस की संयुक्त टीम का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अब फरार आरोपी हरिओम जोशी की तलाश कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page