
बिलासपुर / यातायात पुलिस द्वारा लर्निंग लाइसेंस शिविर का बिलासपुर द्वारा लगातार जनजागरूकता के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सड़क परिवहन मंत्रालय भारत सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रामगोपाल करियारे के निर्देशन में जिले में 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है।

इस दौरान बिलासपुर पुलिस द्वारा विभिन्न विभागों—परिवहन विभाग, नगर निगम, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संस्थाओं एवं जिला प्रशासन के सहयोग से आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 10 जनवरी 2026 को शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहन चालकों को हेलमेट व सीट बेल्ट की अनिवार्यता, सुरक्षित वाहन चालन एवं सड़क सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दी गईं। साथ ही सिग्नल के माध्यम से ट्रैफिक अपडेट ऑफ बिलासपुर का प्रसारण भी किया गया।

यातायात पुलिस द्वारा 12 जनवरी 2026 से यातायात थाना परिसर, सत्यम चौक बिलासपुर में प्रातः 10 बजे से लर्निंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में लर्निंग लाइसेंस के साथ-साथ हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) एवं वाहन बीमा की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। लर्निंग लाइसेंस बनवाने हेतु आधार कार्ड, दसवीं की अंकसूची तथा चार पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य होंगे।
इसके अतिरिक्त 12 जनवरी को एनसीसी एवं एनएसएस के छात्र-छात्राएं लेफ्टिनेंट आशीष शर्मा के नेतृत्व में प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात जागरूकता गतिविधियों का संचालन करेंगे। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाएं तथा सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।




