
बिलासपुर। थाना तारबाहर पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने एक महिला को झांसा देकर चार किस्तों में कुल 2 लाख रुपये की ठगी की थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया अंजना फ्रासिंस ने 16 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी गोविंद कुमार (32 वर्ष), निवासी वृंदावन कॉलोनी, शिवानंद नगर सेक्टर-3, थाना गुडियारी, जिला रायपुर ने उसे शेयर मार्केट में पैसा लगाने पर दोगुना मुनाफा दिलाने का लालच दिया। आरोपी ने विश्वास में लेकर उससे अलग-अलग किस्तों में 2 लाख रुपये ले लिए, लेकिन न तो मुनाफा दिया और न ही मूल रकम वापस की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 55/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम रायपुर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।




