
बिलासपुर / थाना रतनपुर पुलिस ने नए वर्ष की शुरुआत में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 225 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला कोचिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत 45 हजार रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह भापुसे के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती अर्चना झा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रतनपुर द्वारा विशेष टीम गठित की गई थी।
दिनांक 11 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम जाली निवासी रामलल्ली मरकाम अपने घर के आंगन में भारी मात्रा में कच्ची महुआ शराब बिक्री के लिए रखी हुई है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रतनपुर पुलिस ने आरोपी के घर में दबिश दी, जहां आंगन से 225 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
इसके अतिरिक्त आरोपी की निशानदेही पर तालाब किनारे छिपाकर रखे गए लगभग 20 से 25 डिब्बों में भरे पास को निकालकर मौके पर नष्ट किया गया। साथ ही लगभग 120 खाली प्लास्टिक डिब्बे, जिन्हें पास डुबाने के लिए रखा गया था, उन्हें भी नष्ट किया गया।
पुलिस ने आरोपिया श्रीमती रामलल्ली मरकाम पति जितेंद्र मरकाम उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम जाली थाना रतनपुर के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक नरेश गर्ग, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक दिनेश कांत, देवानंद, आकाश डोंगरे एवं महिला आरक्षक अनिषा कश्यप का विशेष योगदान रहा।




