
बिलासपुर। नववर्ष 2026 के जश्न के दौरान थाना तोरवा क्षेत्र में चाकूबाजी की गंभीर घटना सामने आई है। थाना तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में अपराध क्रमांक 02/2026 धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1), 3(5) बीएनएस के तहत गैर-जमानती अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 31 दिसंबर 2025 की रात्रि प्रार्थी अर्जित विश्वास, निवासी साई मंदिर, सिंधी कॉलोनी, तोरवा अपने घर के पास नए साल का जश्न मना रहे थे। इसी दौरान आरोपी बलबीर ध्रुव एवं उसके एक अन्य साथी द्वारा प्रार्थी से विवाद किया गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी बलबीर ध्रुव ने प्रार्थी की पीठ में चाकू से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना तोरवा पुलिस सक्रिय हुई और घायल की रिपोर्ट के आधार पर तत्काल अपराध दर्ज किया गया। पुलिस टीम द्वारा त्वरित जांच करते हुए मुख्य आरोपी बलबीर ध्रुव पिता इंद्राज ध्रुव, उम्र 25 वर्ष, निवासी साई मंदिर के पास, तोरवा, बिलासपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को दिनांक 02 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।
थाना तोरवा पुलिस द्वारा इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने का सशक्त संदेश दिया गया है। पुलिस ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।




