
बिलासपुर – युवा यादव समाज के जिलाध्यक्ष अमित यादव आज बेलगहना पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय हर्षित यादव के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार की स्थिति की जानकारी ली और उन्हें हर संभव सहायता व न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
ज्ञात हो कि मल्हार स्थित नवोदय विद्यालय में अध्ययनरत 15 वर्षीय हर्षित यादव की कुछ दिन पूर्व तबीयत बिगड़ गई थी। परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन की लापरवाही और समय पर इलाज न मिलने के कारण हर्षित की मौत हो गई। परिवार का कहना है कि बीमारी की जानकारी उन्हें समय पर नहीं दी गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।

अमित यादव ने कहा कि घटना के बाद से न तो स्कूल प्रशासन और न ही शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस मदद मिली है। उन्होंने बताया कि सोमवार को समाज के प्रतिनिधिमंडल के साथ वे बिलासपुर कलेक्टर से मिलकर न्याय की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे।
इस दौरान उनके साथ युवा अखिल भारतीय यादव समाज के अध्यक्ष अनिल यादव, धनंजय यादव, सुजीत यादव, चमन यादव तथा सिरगिट्टी यादव समाज के अध्यक्ष संजय यादव सहित समाज के कई सदस्य उपस्थित थे।




