
बिलासपुर । बिल्हा विकासखंड के ग्राम परसदा में सिम्स (छत्तीसगढ़ राज्य आयुर्विज्ञान संस्थान) के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा फैमिली एडॉप्शन कार्यक्रम के अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य एवं सामान्य स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों एवं सिम्स के डॉक्टरों द्वारा एक स्वास्थ्य जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, स्वच्छता बनाए रखने एवं मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सिम्स की टीम ने गांव में स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया, जिसमें ग्रामीणों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। एमबीबीएस के छात्र-छात्राओं ने प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय के बच्चों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, संतुलित आहार और मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी दी। इंटर्न डॉक्टरों ने मानसिक स्वास्थ्य पर केंद्रित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें मनोरोग एवं सामुदायिक विभाग के डॉक्टरों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती मोरीन सैम्युल, शिक्षकगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि श्री मनहरण कौशिक ने भी कार्यक्रम को सहयोग प्रदान किया। ज्ञात हो कि पूरे देश में 10 अक्टूबर से 10 नवंबर 2025 तक मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति के मार्गदर्शन में तथा कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की एचओडी डॉ. हेमलता ठाकुर और मनोरोग विभाग के डॉ. सुजीत नायक के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में डॉ. राकेश जांगड़े, डॉ. सुधांशु, सत्यस्मिता जैन, प्रियांश दुबे, डॉ. ज्योति, डॉ. जानवी, डॉ. सुचिता, डॉ. श्रुति, डॉ. नसरीन, डॉ. डार्विन, डॉ. मधु, डॉ. सुमित, डॉ. आशीष, डॉ. विनोद, डॉ. रितिका, प्रतीक, श्री विजय एवं इंटर्न डॉक्टरों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।




