छत्तीसगढ़बिलासपुर

फेसबुक के माध्यम से धोखाधड़ी व ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार ..

बिलासपुर। थाना सरकण्डा पुलिस ने महिला संबंधी गंभीर अपराध में त्वरित कार्रवाई करते हुए फेसबुक के माध्यम से स्वयं को तहसीलदार बताकर पीड़िता से दोस्ती करने वाले आरोपी को महज कुछ घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। मामला अपराध क्रमांक 1786/2025 धारा 74, 79, 351(2), 204 बीएनएस तथा आईटी एक्ट की धारा 67, 67(ए), 66(सी) के अंतर्गत दर्ज किया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़िता की वर्ष 2022 में फेसबुक के माध्यम से आशुतोष उपाध्याय निवासी मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा से पहचान हुई थी। आरोपी ने स्वयं को मुंगेली का तहसीलदार बताकर विश्वास में लिया और मोबाइल पर बातचीत करने लगा। कुछ समय बाद पीड़िता द्वारा बातचीत बंद करने पर आरोपी अलग-अलग नंबरों से कॉल कर अश्लील बातचीत करने लगा। पीड़िता द्वारा नंबर ब्लॉक किए जाने पर आरोपी ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर पीड़िता का फोटो व मोबाइल नंबर वायरल कर दिया, जिससे उसे बदनाम करने के उद्देश्य से अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अश्लील कॉल आने लगे।

पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना सरकण्डा में तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सरकण्डा श्री सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को ग्राम मुलमुला से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page