
बिलासपुर।सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका चौकी अंतर्गत शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम नरगोड़ा, थाना सीपत निवासी पिंटू भोई पिता श्रवण भोई के रूप में हुई है। पिंटू सीपत स्थित वैदिक महाविद्यालय में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था।

जानकारी के मुताबिक पिंटू किसी कार्य से बिलासपुर आया हुआ था। वापस अपने गांव लौटते समय बरमबाबा हनुमान मंदिर लगरा के सामने उसकी एक्सट्रीम बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिंटू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही 112 की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहगीरों की मदद से सड़क पर लगे जाम को हटवाया और मृतक के शव को सिम्स अस्पताल की मर्चुरी में भिजवाया। दुर्घटना स्थल का मुआयना कर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।

बताया जा रहा है कि पिंटू ने हाल ही में दीपावली के दौरान नई बाइक खरीदी थी, जिसे लेकर वह काफी उत्साहित था। लेकिन त्योहार के कुछ ही दिनों बाद हुए इस हादसे ने उसके परिवार और दोस्तों को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक की तलाश तेज कर दी है।




