
बिलासपुर। सिविल लाईन थाना पुलिस की रात्रि गश्त के दौरान दिखाई गई सतर्कता ने एक चोरी के मामले का खुलासा कर दिया। शनिवार देर रात शांतिनगर क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर घबराकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा करते हुए घेराबंदी कर युवक को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान संजय ध्रुव, निवासी सकरी अटल आवास के रूप में हुई।

आरोपी की तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके पास से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और सिक्के बरामद किए। सामान को लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने स्वीकार किया कि ये सभी वस्तुएं उसने देवेन्द्र नगर स्थित एक सूने मकान से चोरी की थीं। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम देवेन्द्र नगर पहुँची और मकान मालिक चंद्रभान सिंह ठाकुर से संपर्क कर जांच कराई। मकान मालिक ने घर में चोरी होने की पुष्टि की, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत अपराध दर्ज किया।

पुलिस ने आरोपी से कुल लगभग ₹1,25,000 का चोरी गया सामान पूरी तरह बरामद कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

सिविल लाईन थाना प्रभारी ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण चोरी का यह मामला जल्द सुलझ गया। पुलिस टीम की मुस्तैदी से यह सफल कार्रवाई संभव हो सकी। पुलिस क्षेत्र में गश्त बढ़ाकर ऐसे अपराधों पर रोक लगाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।




