
बिलासपुर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग पीड़िता ने 06 दिसंबर 2025 को थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी राजबीर दास उर्फ राज मानिकपुरी, उम्र 19 वर्ष, निवासी मिनी बस्ती जरहाभाठा, द्वारा उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी पहले उसका बिना सहमति के किस करते हुए वीडियो बनाता रहा और उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उसने 10 अक्टूबर 2025 और 17 अक्टूबर 2025 को जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
जब पीड़िता ने आरोपी की मांगों को पूरा करने से इनकार किया, तो आरोपी द्वारा जान से मारने की धमकी देने और वीडियो वायरल करने की बात कहे जाने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 64(2)(M), 351(2) BNS एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
सिविल लाइन पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की तलाश की और घटनाक्रम के चंद घंटों के भीतर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 07 दिसंबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नाबालिगों के खिलाफ होने वाले ऐसे अपराधों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।




