
बिलासपुर। जिले में नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना हिरी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपहृता नाबालिग बालिका को महाराष्ट्र के जलगांव से सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही अपराध में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना हिरी में अपराध क्रमांक 296/2025 के तहत धारा 137(2), 87, 64(2)(ड), 3(5) बीएनएस एवं 4, 6 पाक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया था। प्रार्थी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
1 जयप्रकाश पात्रे, पिता पंचम पात्रे, उम्र 36 वर्ष, साकिन मेड़पार-बाजार, थाना हिरी
2 राहुल कुर्रे, पिता प्यारे लाल कुर्रे, उम्र 25 वर्ष, साकिन दौना, थाना सरगांव, जिला मुंगेली
3 दीपिका पात्रे, पति जयप्रकाश पात्रे, उम्र 26 वर्ष, साकिन मेड़पार-बाजार, थाना हिरी

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन में थाना हिरी पुलिस की टीम गठित कर लगातार पतासाजी की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने अपहृता का पता लगाते हुए उसे जलगांव (महाराष्ट्र) से बरामद किया।
जांच के दौरान प्रकरण में सहयोग करने वाले एक पुरुष एवं एक महिला आरोपी की भूमिका सामने आई, जिन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल को भी जप्त किया है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
थाना हिरी पुलिस की इस त्वरित व प्रभावी कार्यवाही से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।




