
बिलासपुर / सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक बदमाश को सीपत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिनांक 20.01.2026 को थाना सीपत, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) द्वारा की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आम्र्स एक्ट के तहत विधिसंगत कार्यवाही कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम झलमला स्थित पचरी तालाब के पास सार्वजनिक स्थल पर आरोपी रघुरेंद्र सिदार उर्फ छोटू सिदार धारदार तलवार लेकर घूम रहा था और आने-जाने वाले राहगीरों को तलवार लहराकर भयभीत कर रहा था। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया था। उक्त संबंध में थाना सीपत को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई, जिस पर तत्काल थाना प्रभारी सीपत द्वारा आरोपी को पकड़ने के निर्देश दिए गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक नग लोहे की धारदार तलवार बरामद की गई, जिसे विधिवत जप्त किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रघुरेंद्र सिदार उर्फ छोटू सिदार, पिता धनीराम सिदार, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम झलमला, गोड़पारा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर बताया।
पुलिस ने आरोपी के इस कृत्य को कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा मानते हुए उसके खिलाफ आम्र्स एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सीपत पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने का स्पष्ट संदेश गया है।




