
बिलासपुर – थाना तोरवा क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। तोरवा निवासी सुनील कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ₹1,50,400 की ठगी की।
पीड़ित ने बताया कि 28 अगस्त 2025 की रात 9:56 बजे उनके मोबाइल पर अनिता शर्मा नाम की महिला का वीडियो कॉल आया। कॉल उठाते ही महिला निर्वस्त्र होकर अश्लील हरकतें करने लगी। इसके बाद उसने धमकी दी कि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगी।
अगले दिन एक व्यक्ति ने खुद को डीएसपी संजय ठाकुर बताते हुए कॉल किया और कहा कि महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने वीडियो डिलीट कराने के लिए राहुल शर्मा नामक व्यक्ति से संपर्क करने की बात कही। राहुल ने वीडियो डिलीट करने के नाम पर पहले ₹14,900 की मांग की और बाद में अलग-अलग चरणों में कुल ₹1,50,400 रुपए ठग लिए। यह राशि पीड़ित ने यूपीआई ट्रांजैक्शन के जरिए भेजी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अनिता शर्मा, संजय ठाकुर और राहुल शर्मा के खिलाफ धारा 66(D) आईटी एक्ट और धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के वीडियो कॉल या लिंक पर प्रतिक्रिया न दें और संदिग्ध मामलों में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।



