मल्हारमस्तूरी

मल्हार चौकी क्षेत्र में बढ़ीं चोरियां: नकाबपोशों ने फिर खंगाली दुकान, बेखौफ चोरों के आगे पुलिस मौन .

मल्हार (बिलासपुर) क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। ताज़ा मामला रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात का है, जहाँ मल्हार बस स्टैंड स्थित एक पान दुकान को नकाबपोश चोरों ने अपना निशाना बनाया।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में दो नकाबपोश चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसते साफ नजर आ रहे हैं। चोरों ने बड़े ही शातिराना अंदाज में दुकान से लगभग एक हजार रुपये नगद सहित बजरंग मिक्सचर, सिगरेट की पेटियां, गुटखा और बिस्किट जैसे सामान दो बोरियों में भरे और मौके से फरार हो गए।

15 दिनों में दूसरी बार निशाना
हैरानी की बात यह है कि इसी पान दुकान में महज 15 दिनों के भीतर यह दूसरी चोरी है। बार-बार हो रही इन वारदातों से व्यापारियों में आक्रोश और पुलिस के प्रति अविश्वास बढ़ता जा रहा है।

क्षेत्र में बढ़ता अपराध
मल्हार पुलिस चौकी क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से चोरों के हौसले बुलंद हैं:
* हरि थवाईत (मल्हार): 15 दिन पहले घर का ताला तोड़कर 18 हजार नगद और जेवरात चोरी।
* धरम पुरेना (बिनैका): 2 माह पूर्व घर से करीब दो लाख के सोने-चांदी के गहने पार।
* तुकाराम किराना (मेला चौक): आधा दर्जन से अधिक बार चोरी की घटनाएं।
हालाँकि, पिछले महीने पुलिस ने ट्रैक्टर की बैटरी चोरी करने वाले एक गिरोह को पकड़ा था, लेकिन हालिया घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है ताकि क्षेत्र में भय का माहौल खत्म हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page