बिलासपुर

बिलासपुर में ‘ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन’ अभियान तेज, नियम तोड़ने पर होगी सख्त कार्रवाई .

बिलासपुर / यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा शहर को क्रमशः “ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन” के रूप में विकसित करने के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रामगोपाल करियारे के नेतृत्व में लक्षित सेक्टरों में नियमित रूप से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कठोर और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न बहुआयामी कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। लक्षित क्षेत्रों में लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को नियमों के उल्लंघन के दुष्परिणामों तथा मोटर व्हीकल एक्ट एवं आपराधिक प्रकरणों की जानकारी दी जा रही है।

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुकानों और प्रतिष्ठानों के सामने अव्यवस्थित वाहन खड़े कर सार्वजनिक आवागमन बाधित करने पर न केवल मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी, बल्कि आवश्यक होने पर आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया जा सकता है। इसी क्रम में सभी व्यापारियों एवं दुकानदारों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी दुकानों के सामने वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने हेतु गार्ड या व्यवस्थापक स्टाफ तैनात करें।

विदित हो कि 1 जनवरी 2026 से अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड, श्रीकांत वर्मा मार्ग एवं महाराणा प्रताप चौक से नेहरू चौक तक के क्षेत्र को प्रथम चरण में यातायात उल्लंघन मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सरल, सुगम, सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन हेतु पुलिस, प्रशासन एवं नगर निगम का सहयोग करते हुए पीपीपी मॉडल के तहत समन्वय बनाए रखें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page