
बिलासपुर / थाना सीपत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिटकुला में अवैध नशे के खिलाफ सीपत पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 18 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5,400 रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 14 जनवरी 2026 को सीपत थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम बिटकुला के धनुवार पारा क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का संग्रहण एवं बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीपत थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई और तत्काल ग्राम बिटकुला में दबिश दी गई।
रेड कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से चंद्र कुमार उर्फ चंदू साहू पिता स्वर्गीय दरश साहू उम्र 27 वर्ष एवं राज कुमार कोराम पिता प्रधान सिंह कोराम उम्र 40 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम बिटकुला, थाना सीपत, जिला बिलासपुर को अवैध शराब के साथ पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से कुल 18 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के पश्चात दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
सीपत पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब अथवा नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई कर समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके।




