छत्तीसगढ़बिलासपुर

जनदर्शन में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने दूर-दराज से आए लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं ..

बिलासपुर / कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक जनदर्शन के दौरान जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए ग्रामीणों एवं नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने एक-एक कर सभी आवेदकों से मुलाकात कर उनके आवेदन प्राप्त किए तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनदर्शन में व्यक्तिगत समस्याओं के साथ-साथ सामुदायिक हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों पर आवेदन प्रस्तुत किए गए।


इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं अपर कलेक्टर श्री शिवकुमार बनर्जी भी उपस्थित रहे और नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में ग्राम पंचायत रिस्दा के ग्रामीणों ने सरपंच गौरव सिंह चंदेल के विरुद्ध ज्ञापन सौंपते हुए उचित कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि वे पिछले 40 से 50 वर्षों से शासकीय भूमि पर मकान बनाकर निवास कर रहे हैं, जबकि वर्तमान सरपंच वहां तालाब निर्माण कराना चाहते हैं। कलेक्टर ने इस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए सीईओ जनपद पंचायत मस्तुरी को निर्देशित किया।

इसी प्रकार सकरी तहसील के ग्राम पंचायत देवरीकला निवासी हरिशंकर साहू ने शासकीय उचित मूल्य दुकान में अनियमितता की शिकायत की। उन्होंने बताया कि संचालक द्वारा केवल शक्कर का वितरण किया गया तथा चावल अगले माह देने की बात कही गई। कलेक्टर ने शिकायत को खाद्य नियंत्रक अधिकारी को सौंपा।

बरतोरी निवासी निर्मला डहरिया ने मोटराइज्ड ट्रायसायकल दिलाने की मांग की। एक पैर से दिव्यांग होने के कारण उन्हें आवागमन में कठिनाई होती है। कलेक्टर ने संयुक्त संचालक समाज कल्याण को प्रकरण सौंपा। वहीं सीपत निवासी कुशल रजक ने एनटीपीसी सीपत में नौकरी दिलाने की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने एसडीओ मस्तुरी को मामले की जांच के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page