छत्तीसगढ़बिलासपुर

जिला पशु चिकित्सालय में ऑपरेशन सुविधा के अभाव से परेशान महिला ने कलेक्टर से की सुधार की मांग .

बिलासपुर – शहर के जिला पशु चिकित्सालय में ऑपरेशन सुविधा उपलब्ध न होने के कारण एक महिला को गंभीर समस्या का सामना करना पड़ा। पीड़िता ने कलेक्टर बिलासपुर को पत्र लिखकर अस्पताल में ऑपरेशन संबंधी सुविधाओं में तत्काल सुधार की मांग की है।

पीड़िता ने अपने निवेदन पत्र में बताया कि उसकी गाय पिछले कई घंटों से प्रसव पीड़ा में है तथा बच्चा पेट में फंसा हुआ है। गाय की शारीरिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह सामान्य प्रसव करने में असमर्थ है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए वह सुबह 9 बजे गाय को लेकर जिला पशु चिकित्सालय पहुंची। वहां मौजूद डॉक्टर राम ओत्तलवार ने गाय की स्थिति देखने के बाद ऑपरेशन करने से साफ इंकार कर दिया।

महिला के अनुसार, जब उसने अनुरोध किया कि अस्पताल में ही ऑपरेशन किया जाए ताकि गाय की जान बच सके, तब डॉक्टर ने स्पष्ट कहा कि जिला पशु चिकित्सालय में ऑपरेशन की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। इतना कहकर उन्हें अस्पताल से वापस भेज दिया गया। इससे पीड़िता काफी व्यथित हुई और उसने इसे गंभीर लापरवाही करार दिया।

महिला ने मांग की है कि बिलासपुर जिले के सबसे बड़े पशु चिकित्सालय में यदि ऑपरेशन जैसी अत्यावश्यक सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो इसे जल्द से जल्द विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार की स्थिति में समय पर चिकित्सा सुविधा न मिले, तो पशुओं की जान खतरे में पड़ जाती है।

इस पूरे प्रकरण ने जिला पशु चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि कलेक्टर की ओर से इस समस्या पर कितनी जल्दी संज्ञान लिया जाता है और अस्पताल में सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में क्या कदम उठाए जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page