
बिलासपुर। थाना सरकंडा पुलिस ने चोरी के तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों और तीन नाबालिक बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 78 हजार रुपए का चोरी का सामान बरामद किया है, जिसमें कंप्यूटर हार्ड डिस्क, मदर बोर्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, एसी का कॉपर वायर, ट्रांसफॉर्मर का कॉपर वायर, वाइब्रेटर मशीन तथा अन्य सामान शामिल है।
पहला मामला तब सामने आया जब प्रार्थी अमरू राम साहू ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे परिवार सहित पैतृक गांव बलौदा बाजार गए हुए थे। 21 अक्टूबर 2025 को लौटने पर घर बिखरा मिला और आलमारी से चांदी का पायल, चांदी की अंगूठी, कंप्यूटर हार्ड डिस्क, मदर बोर्ड सहित कुल 45,000 रुपए का सामान चोरी पाया गया।
दूसरी रिपोर्ट कन्हैया लाल चौबे द्वारा दर्ज कराई गई, जिसमें उनके अशोक नगर स्थित निर्माणाधीन मकान से लोहे का सामान, वायर, हथौड़ा, वाइब्रेटर मशीन एवं अन्य सामग्री कुल 18,000 रुपए की चोरी होना पाया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
आरोपी – नाम व पता
01. नरेन्द्र सिंह, पिता सुरेन्द्र सिंह, उम्र 20 वर्ष, निवासी CHMO ऑफिस नूतन चौक सरकण्डा, थाना सरकण्डा, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
02. सुमित ठाकुर, पिता मनी सिंह ठाकुर, उम्र 18 वर्ष, निवासी रघु विहार अशोक नगर सरकण्डा, थाना सरकण्डा, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
03. विधि से संघर्षरत तीन नाबालिक बालक (पता गोपनीय)।
जांच के दौरान 26 नवंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि सुमित ठाकुर चोरी की वाइब्रेटर मशीन बेचने ग्राहक ढूंढ रहा है। सूचना पर सरकंडा पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी नरेन्द्र सिंह और तीन नाबालिक बालकों के साथ मिलकर उक्त चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
सुमित एवं अन्य आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान बरामद किया गया। साथ ही एक नाबालिक ने मोहम्मद खालिद के घर से एसी का कॉपर वायर और ट्रांसफॉर्मर का कॉपर चोरी करना स्वीकार किया, जिसे अपराध क्रमांक 1609/25 में जप्त किया गया।
पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। सरकंडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।




