
बिलासपुर। थाना कोनी क्षेत्र में शराब के लिए पैसे न देने पर बेटे द्वारा अपने ही बुजुर्ग पिता से मारपीट और दुकान में आग लगाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने गंभीर धाराओं के तहत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
थाना कोनी पुलिस के अनुसार ग्राम जलसों निवासी 78 वर्षीय लल्लू लाल श्रीवास्तव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र राजेश श्रीवास्तव शराब पीने का आदी है। घटना 17 नवंबर 2025 शाम 4 बजे की है, जब आरोपी राजेश अपने घर पहुंचा और शराब पीने व मोटरसाइकिल की मरम्मत के लिए पैसे की मांग करने लगा। वृद्ध पिता द्वारा पहले ही 500 रुपये देने के बावजूद आरोपी राजेश ने अपने साथी मुरली तिर्की के साथ दोबारा घर आकर और पैसे मांगने शुरू कर दिए।
प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बुजुर्ग पिता के साथ मारपीट की। आरोप इतने पर ही नहीं रुके—पैसा न मिलने की खुन्नस में आरोपियों ने लल्लू लाल की किराना दुकान में आग लगा दी, जिससे दुकान में रखा पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। अग्निकांड में लगभग 70,000 रुपये का नुकसान हुआ है।
पीड़ित की शिकायत पर थाना कोनी में अपराध क्रमांक 558/25 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया और निर्देशानुसार दबिश देते हुए दोनों आरोपी—राजेश श्रीवास्तव (45 वर्ष) और उसका साथी मुरली तिर्की (35 वर्ष)—को ग्राम जलसों से हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों को धारा 333, 119(1), 326(जी), 296, 115(2), 351(2), 3(5) BNS के तहत गिरफ्तार कर विधिवत कार्रवाई उपरांत न्यायालय में रिमांड पर पेश कर दिया है।




