क्राइमछत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर में दबंगई का तांडव: पुलिस के सामने ही जमीन पर कब्जे की कोशिश, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल .

Bilaspur । बिलासपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां तोरवा क्षेत्र के कुछ दबंगों ने खुलेआम ग्राम नगपुरा में एक व्यक्ति की जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की। यह पूरा घटनाक्रम न केवल स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है, बल्कि जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है।

जानकारी के अनुसार, तोरवा निवासी हर्ष मतलानी और पियूष गंगवानी अपने साथियों और मजदूरों के साथ सुरेश कौशिक की जमीन पर कब्जा करने पहुंचे थे। चश्मदीदों का कहना है कि आरोपी पूरी तैयारी और ताकत के साथ आए थे और पुलिस के आदेशों को ठेंगा दिखाते हुए जमीन पर कब्जे की कोशिश शुरू कर दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से आरोपियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। वीडियो फुटेज में साफ नजर आता है कि दबंग पुलिस की मौजूदगी में भी खुली धमकियों के साथ कब्जे की कोशिश जारी रखते हैं। इस दौरान स्थानीय लोगों ने जब विरोध किया, तो उन्हें भी डराने-धमकाने का प्रयास किया गया।

यह भी बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है जब इन लोगों ने ऐसा दुस्साहस किया हो। कुछ माह पहले भी इन्होंने इसी जमीन पर कब्जे की कोशिश की थी, लेकिन ग्रामीणों के विरोध और सुरेश कौशिक की सख्ती के चलते योजना विफल रही थी। इतना ही नहीं, उस समय उल्टे सुरेश कौशिक पर ही झूठी FIR दर्ज करा दी गई थी।

अब जब 3 नवंबर 2025 को भूमि सीमांकन की प्रक्रिया तय है, उससे पहले ही दबंगों ने कब्जे की नई साजिश रच डाली। सुरेश कौशिक ने इस संबंध में सिरगिट्टी थाना में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई का अभाव साफ झलक रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर पुलिस की मौजूदगी में ही दबंग खुलेआम कानून तोड़ सकते हैं, तो आम जनता खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करे? ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल, नगपुरा की यह घटना बिलासपुर में कानून व्यवस्था की लापरवाही और दबंगों के बढ़ते हौसले की जीवंत मिसाल बन गई है—जहां कानून नहीं, दबंगई का राज चलता दिखाई दे रहा है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page