छत्तीसगढ़बिलासपुर

तोरवा छठ घाट में नवजात का शव मिलने से सनसनी, पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा – जांच में जुटी टीम..

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के छठ घाट में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब झाड़ियों के पास नदी किनारे एक नवजात शिशु का शव मिला। सुबह टहलने आए स्थानीय लोगों ने दुर्गंध महसूस की और जब पास जाकर देखा तो झाड़ियों में एक नवजात का शव पड़ा हुआ था। इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेज दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव झाड़ियों के बीच पड़ा हुआ था, जिससे दुर्गंध फैल रही थी। आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि शव संभवतः एक या दो दिन पुराना लग रहा था। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सीएसपी नियमितेश सिंह ने बताया कि नवजात शिशु लगभग एक से दो दिन का प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जांच में यह अनुमान है कि मृत्यु दो-तीन दिन पूर्व हुई होगी, परंतु असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को आशंका है कि शव किसी अन्य स्थान से बहकर छठ घाट के किनारे आ गया होगा, क्योंकि घाट नदी के नजदीक स्थित है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि पता लगाया जा सके कि शव कहां से आया।

इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश और दुःख दोनों देखने को मिला। लोगों का कहना है कि इस तरह नवजातों को त्याग देना अत्यंत अमानवीय कृत्य है। उन्होंने प्रशासन से सख्त जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

तोरवा थाना प्रभारी ने बताया कि मामला अत्यंत संवेदनशील है। सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह हत्या का मामला है या परित्याग का। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page