
बिलासपुर / कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर दूरस्थ ग्रामीण अंचलों से पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें और सुझाव प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर उनकी समस्याओं के निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनदर्शन में जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल एवं नगर निगम आयुक्त श्री अमित कुमार भी उपस्थित रहे।
कोटा ब्लॉक के ग्राम खैरा के ग्रामीणों ने शिकायत की कि गांव के ही धीरेन्द्र कुमार साहू ने सरकारी रास्ते पर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया है, जिससे किसानों को खेतों से फसल ढोने में परेशानी हो रही है। कलेक्टर ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश एसडीओ कोटा को दिए।

इसी तरह जनपद पंचायत बिल्हा के ग्राम सारधा के सरपंच ने उचित मूल्य दुकान के लिए भवन निर्माण की मांग रखी। कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया।
मस्तूरी ब्लॉक के ग्राम दर्रीभाठा निवासी बांके विश्वकर्मा एवं रोहित चंद्राकर ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत की। उन्होंने बताया कि आरोपी द्वारा नल-जल योजना के सार्वजनिक नल को भी अपने परिसर में शामिल कर लिया गया है। कलेक्टर ने इस संबंध में एसडीओ मस्तूरी को जांच सौंपी।

ग्राम पंचायत पत्थरखान के ग्रामीणों ने अटल चौक से सुलभ शौचालय तक सड़क निर्माण की मांग रखी, जबकि ग्राम खेकसही के लोगों ने नल-जल योजना के लाभ से वंचित रहने एवं राशन वितरण की असुविधा की बात कही। कलेक्टर ने पीएचई विभाग और खाद्य नियंत्रक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अलावा मोपका के हेमंत कुमार राठौर ने इलेक्ट्रिक व्हीकल सब्सिडी से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया, जिसे कलेक्टर ने आरटीओ को अग्रेषित किया।
जनदर्शन में लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कलेक्टर ने अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।




