क्राइमबिलासपुर

सरकण्डा पुलिस ने नशे के लिए पैसे मांगकर हमला करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार .

बिलासपुर। सरकण्डा थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले एक बदमाश को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने नशे के लिए पैसों की मांग को लेकर विवाद किया और मना करने पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर घायल कर दिया।

घटना 01 नवम्बर की रात स्कूल चौक, चिंगराजपारा क्षेत्र की है। प्रार्थी राजा हिमांचल गंधर्व ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मोहल्ले में गौरा-गौरी पूजा कार्यक्रम चल रहा था, तभी आरोपी सुमित उर्फ सेट्ठी पाण्डेय (22 वर्ष) वहां पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर झगड़ा करने लगा। आरोपी ने नशे के लिए पैसों की मांग की, जिसे देने से इंकार करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए चाकू से वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।

रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्या के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है। सरकण्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने या नशे के आदी असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page