
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले बदमाशों के विरुद्ध पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चाकू से हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला अपराध क्रमांक 85/2026 के तहत दर्ज किया गया है, जिसमें बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी संतोष साहू, निवासी चिंगराजपारा सरकंडा, ने 18 जनवरी 2026 को थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र शुभम साहू रात्रि करीब 2:15 बजे मोहल्ले में आयोजित नवधा रामायण देखने गया था। इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने शुभम से शराब पीने के लिए 1000 रुपये की मांग की। पैसा देने से इनकार करने पर आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
विवाद के दौरान आरोपी कोमल देवांगन ने अपने पास रखे धारदार चाकू से शुभम साहू पर पीछे से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल शुभम को तत्काल थाना ले जाकर पुलिस की सहायता से सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोपियों का नाम
1 कोमल देवांगन उर्फ करन, पिता हीरालाल देवांगन, उम्र 24 वर्ष, निवासी काली मंदिर के पास, लिंगियाडीह, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
2 तुलेश्वर दिवाकर उर्फ गोलू, पिता मूलचंद दिवाकर, उम्र 22 वर्ष, निवासी काली मंदिर के पास, लिंगियाडीह, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर (छ.ग.)

घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह को दी गई, जिनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसीसीयू) श्री अनुज कुमार एवं सीएसपी (सिविल लाइन/सरकंडा) श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। घटना में प्रयुक्त चाकू को विधिवत जब्त कर आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।




