
बिलासपुर । लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में रायपुर और दुर्ग परिक्षेत्र के अधिकारियों की बैठक लेकर सड़क व भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जो ठेकेदार तय समय-सीमा में काम पूरा नहीं करते, उन पर पेनाल्टी लगाई जाए और नोटिस जारी किए जाएं।

सचिव ने मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंताओं को फील्ड में जाकर नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय बजट का सदुपयोग करते हुए जनता की सुविधा के लिए तेज और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किए जाएं। सभी कार्यालयों को ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य करने और तकनीकी स्वीकृति के बाद तुरंत निविदा आमंत्रित करने को कहा गया।
डॉ. सिंह ने सड़क मरम्मत के सभी कार्यों को दिसम्बर तक पूरा करने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों का थर्ड पार्टी परीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत कराने को कहा।

बैठक में गुढ़ियारी से स्टेशन प्लेटफॉर्म-5 तक पहुंच मार्ग के लिए मार्च 2026 तक भूमि अर्जन पूर्ण करने, मेडिकल कॉलेज भवनों की निविदा शीघ्र करने तथा रायपुर-खम्हारडीह मार्ग के फोरलेन कार्य को दिसम्बर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। दुर्ग परिक्षेत्र में बेमेतरा का 500 सीटर ऑडिटोरियम फरवरी 2026 और दुर्ग का 750 सीटर ऑडिटोरियम मई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया।




