
बिलासपुर। विश्व एड्स दिवस 2025 के अवसर पर सोमवार को टीजी समुदाय एवं PLAN इंडिया के टी.जी वन स्टॉप सेंटर द्वारा भव्य जनजागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली कंपनी गार्डन देवकीनंदन चौक से शुरू होकर नेहरू चौक तक निकाली गई, जिसमें किन्नर व ट्रांसजेंडर समुदाय के दर्जनों सदस्य शामिल हुए। रैली के दौरान सहभागियों ने एचआईवी/एड्स से बचाव, जागरूकता और भेदभाव समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए राहगीरों से संवाद किया।
इस वर्ष विश्व एड्स दिवस का थीम “बाधाओं पर विजय और एड्स प्रत्युत्तर को मजबूत करने का संकल्प” रहा, जिसके संदेश को समझाते हुए प्रतिभागियों ने एचआईवी से जुड़े भ्रम, सामाजिक दूरी, भेदभाव और जागरूकता की कमी को मिटाने का आह्वान किया। रैली में कई प्रभावी स्लोगन जैसे “जांच कराओ–जीवन बचाओ”, “भेदभाव छोड़ें–जागरूकता जोड़ें”, “एचआईवी से लड़ें, इंसानियत से नहीं” गूंजते रहे।
रैली में PLAN इंडिया टी.जी वन स्टॉप सेंटर की सेंटर प्रबंधक श्रेया श्रीवास, मीरा किन्नर (सकरी), ममता किन्नर (रानी गांव), अलीशा किन्नर, मोहिनी किन्नर, लक्ष्मी किन्नर सहित समुदाय के कई सदस्य उपस्थित रहे। संस्थान के कर्मचारी रामकुमार सूर्यवंशी, विनोद कुमार सोनवानी, नीतू एंड्रयूज और राजेंद्र भार्गव ने भी सक्रिय रूप से भागीदारी निभाई।
रैली के दौरान एचआईवी के संक्रमण के तरीकों, रोकथाम, सुरक्षित व्यवहार, नियमित जांच, तथा एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी के महत्व की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि समय पर इलाज और जागरूकता से एचआईवी संक्रमित व्यक्ति भी सामान्य और स्वस्थ जीवन जी सकता है। भारत में लागू एचआईवी/एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम 2017 के तहत संक्रमित व्यक्तियों को भेदभाव से सुरक्षा और सम्मानजनक उपचार का अधिकार मिलता है।

कार्यक्रम का उद्देश्य स्पष्ट था—समाज को संवेदनशील, जागरूक और सुरक्षित बनाना, ताकि एचआईवी/एड्स के खिलाफ लड़ाई को और मजबूती मिल सके। रैली ने शहर में जागरूकता का गहरा संदेश छोड़ा और लोगों से रोकथाम एवं जांच के प्रति सतर्क रहने की अपील की।




