
बिलासपुर | थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने मोटर सायकल चोरी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई एक्टिवा वाहन बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के तहत एक आरोपी को जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थिया पूर्णिमा ताम्रकार पति शांतिलाल ताम्रकार, निवासी जरहाभाठा मंदिर के पास, बिलासपुर द्वारा दिनांक 16 जुलाई 2025 को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। प्रार्थिया ने बताया कि दिनांक 11 जून 2025 को उसने अपनी एक्टिवा मोटर सायकल क्रमांक CG10/AW-9278 को तेलीपारा क्षेत्र में संजय शुक्ला के घर के पास खड़ा किया था और अपने घर रानीगांव चली गई थी। दिनांक 14 जून 2025 की रात्रि लगभग 1.00 बजे अज्ञात व्यक्ति द्वारा उक्त एक्टिवा वाहन चोरी कर लिया गया।
प्रकरण में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 364/25 धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) के निर्देश पर चोरी के मामलों में गंभीरता से पतासाजी की जा रही थी।
इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी शेख साहिल पिता शेख जहीर, उम्र 20 वर्ष, निवासी करबला चौक, थाना सिटी कोतवाली को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी इमरान खान उर्फ इम्मू, निवासी चांटीडीह बंधु कॉम्प्लेक्स के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी गई एक्टिवा मोटर सायकल बरामद कर दिनांक 29 दिसंबर 2025 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। फरार आरोपी इमरान खान की तलाश जारी है।




