
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोकनगर में रविवार सुबह एक युवक की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय रवि वर्मा के रूप में हुई है। शनिवार रात रवि ने अपने छोटे भाई से गाड़ी की चाबी मांगी और घर से कहीं चला गया। इसके बाद उसने अपनी बड़ी बहन से फोन पर बात की थी। बातचीत के दौरान वह काफी दुखी और तनावग्रस्त नजर आ रहा था, लेकिन उसने अपनी परेशानी का कारण स्पष्ट नहीं बताया। कुछ देर बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया।

परिवार के लोगों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह खमतराई मुरूम खदान के पास स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सरकंडा पुलिस ने शव की शिनाख्त रवि वर्मा के रूप में की। शव के आसपास कोई संघर्ष या दुर्घटना के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, जिससे उसकी मौत पर संदेह गहराता जा रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। परिजन भी सदमे में हैं। सरकंडा पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।




