बेरोजगारों को नौकरी दिलाने के नाम पर 25 लाख की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार .

बिलासपुर / थाना हिर्री पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले तीन वर्षों से लगातार अपना ठिकाना बदलकर फरार चल रहा था। मामले में अपराध क्रमांक 10/2026 धारा 420 भादवि के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम राजा भैया लहरे पिता स्व. पुनित राम लहरे, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम छैडोलिया (कोसा), थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा (छ.ग.) है। आरोपी के विरुद्ध थाना मुलमुला में गुम इंसान क्रमांक 56/2023 भी दर्ज था।
प्रकरण के अनुसार, आरोपी ने प्रार्थी अंबिका प्रसाद भारद्वाज (50 वर्ष) निवासी चण्डीपारा उरईहा पामगढ़ से उसके पुत्र राहुल भारद्वाज एवं भतीजे हरिश को नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने ऑनलाइन बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से 17,65,000 रुपये तथा नगद 7,35,000 रुपये, कुल 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। राशि प्राप्त करने के बाद अक्टूबर 2023 से आरोपी फरार हो गया था। पैसे की मांग करने पर आरोपी के परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
प्रार्थी द्वारा न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत करने पर न्यायालय के आदेशानुसार थाना हिर्री में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। पुलिस ने लगातार पतासाजी कर 20 फरवरी 2026 को ग्राम छैडोलिया से घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 75 हजार रुपये नगद एवं एक मोबाइल फोन जप्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।




