
बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम लोफंदी (फोकटपारा) में बीती रात पारिवारिक विवाद एक खौफनाक वारदात में बदल गया। चरित्र शंका और लंबे समय से चल रहे घरेलू कलह के बीच पति ने सब्बल से हमला कर अपनी गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी। मृतका की पहचान 30 वर्षीय संतोषी केवट के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति जितेंद्र केवट को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार दंपत्ति पिछले कई महीनों से विवादों में घिरे थे और अलग-अलग रह रहे थे। गर्भवती होने की वजह से संतोषी अपने मायके में रह रही थी, जहां दो महीने पहले पति भी आ गया था। बुधवार देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। गुस्से में जितेंद्र ने सब्बल उठाकर पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात की सबसे दर्दनाक गवाह दंपत्ति की पांच वर्षीय बेटी बनी, जिसने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में और पिता को भागते हुए देखा। बच्ची की चीख सुनकर दादा-दादी पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोनी थाना पुलिस ने रात में ही तलाशी अभियान चलाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना से पूरे गांव में दहशत और सदमे का माहौल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दंपत्ति के विवादों की जानकारी पहले से थी, लेकिन इस तरह की त्रासदी की किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।




