छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर पुलिस की “चेतना” मुहिम से लौटी लोगों की खोई मुस्कान, 100 गुम मोबाइल किए गए वापस .

बिलासपुर / पुलिस द्वारा आम नागरिकों की सुविधा और भरोसे को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “चेतना” अभियान के तहत नववर्ष 2026 के पूर्व एक सराहनीय पहल की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में गुम हुए कीमती मोबाइल फोनों की गंभीरता से तलाश कर उन्हें उनके वास्तविक धारकों को वापस किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण एवं एसीसीयू) श्री अनुज कुमार के मार्गदर्शन में एसीसीयू (साइबर सेल) बिलासपुर तथा जिले के विभिन्न थानों की संयुक्त टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं सतत प्रयासों से छत्तीसगढ़ सहित मध्यप्रदेश, झारखंड, ओडिशा एवं महाराष्ट्र से करीब 100 नग गुम मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है।

दिनांक 31.12.2025 को आयोजित कार्यक्रम में सभी मोबाइल उनके संबंधित मालिकों को सौंपे गए। लंबे समय से मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को जब उनका खोया मोबाइल वापस मिला तो उनके चेहरों पर खुशी और संतोष साफ नजर आया। नागरिकों ने इस पहल के लिए बिलासपुर पुलिस की खुले दिल से सराहना की तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह सहित समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

बिलासपुर पुलिस की यह “चेतना” मुहिम न केवल तकनीकी दक्षता का उदाहरण है, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास को भी सशक्त करती है। नववर्ष के अवसर पर गुम मोबाइल वापस कर बिलासपुर पुलिस ने यह संदेश दिया है कि जनता की “एक आस और अमानत” पूरी तरह सुरक्षित हाथों में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page