
बिलासपुर / कोनी पुलिस ने क्षेत्र में गश्त के दौरान एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए ग्राम घुटकु तालाब के पास बटन चाकू लहराकर आमजनों में दहशत फैलाने वाले युवक को पकड़ लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री राजेन्द्र जायसवाल के निर्देशानुसार अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
2 दिसम्बर 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक हाथ में लोहे का धारदार बटन चाकू लेकर राहगीरों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना कोनी की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जय लोनिया, पिता होशराम लोनिया, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम घुटकु थाना कोनी बताया।
गवाहों की उपस्थिति में उसकी तलाशी लेने पर पुलिस ने उसके पास से कुल 9 इंच लंबा लोहे का धारदार बटन चाकू बरामद किया। नोटिस देने पर भी वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद चाकू को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।
🔸 कोनी पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से आग्रह किया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखी जा सके।




