
बलौदाबाजार-भाटापारा। छत्तीसगढ़ के सिमगा क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति पर हमला करवाने की साजिश रची। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी अभी फरार है।
जानकारी के अनुसार, भवानी नगर सिमगा निवासी उमाशंकर कुंभकार (36 वर्ष) की शादी करीब 9 माह पहले निशा कुंभकार (26 वर्ष) से हुई थी। शादी से पहले से ही निशा का एक युवक से प्रेम संबंध था। विवाह के बाद पति के कारण प्रेमी से मिलने में परेशानी होने लगी। इसी से नाराज होकर निशा ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

घटना 25 अक्टूबर की शाम की है। निशा ने अपने प्रेमी को सिमगा बुलाया और अपने पति उमाशंकर को यह कहकर पुराने बेमेतरा पुल के पास भेजा कि एक परिचित को पैसों की जरूरत है। जैसे ही उमाशंकर वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे प्रेमी ने धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। घायल उमाशंकर ने किसी तरह थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 596/2025 धारा 109, 61(2)(क) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। एसपी भावना गुप्ता के निर्देश पर सिमगा थाना पुलिस ने जांच शुरू की और पत्नी निशा कुंभकार को हिरासत में लिया। पूछताछ में निशा ने पति पर हमला करवाने की साजिश कबूल कर ली।
26 अक्टूबर को पुलिस ने आरोपिया निशा कुंभकार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं, पुलिस अब फरार प्रेमी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
आरोपिया: निशा कुंभकार (26 वर्ष), निवासी भवानी नगर, सिमगा।




