छत्तीसगढ़बिलासपुर

पीएम उज्ज्वला योजना 3.0 : बिलासपुर के 13,761 गरीब परिवारों को मिलेगा निःशुल्क गैस सिलेंडर..

बिलासपुर । प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर की अध्यक्षता में मंथन सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। जिले के 30 से अधिक गैस एजेंसी संचालक इसमें शामिल हुए। इस वर्ष बिलासपुर जिले को 13,761 नए हितग्राहियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर प्रदान करने का लक्ष्य मिला है।

खाद्य नियंत्रक कुजूर ने एजेंसी संचालकों को शिविर लगाकर पात्र हितग्राहियों के आवेदन स्वीकृत करने, दस्तावेज सत्यापन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायतों के सहयोग से अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक योजना की जानकारी पहुँचाई जाए। बैठक में विभागीय अधिकारी और गैस कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कुजूर ने बताया कि अब तक जिले में 2.94 लाख से अधिक परिवार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का लाभ ले चुके हैं। योजना का उद्देश्य महिलाओं के जीवन स्तर में सुधार, स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देना है।

नए पात्रता मापदंड
उज्ज्वला योजना 3.0 के तहत वे परिवार ही लाभान्वित होंगे जिनकी मासिक आय 10 हजार रुपए से कम है और जिन पर कोई कर देयता नहीं है। सरकारी कर्मचारी, करदाताओं, 2.5 एकड़ से अधिक सिंचित भूमि वाले किसान, मोटर वाहन या यंत्रीकृत कृषि उपकरण के स्वामी, तथा पहले से गैस कनेक्शन धारक इस योजना से वंचित रहेंगे।

योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को निःशुल्क गैस सिलेंडर व कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे। वितरण प्रक्रिया ग्राम पंचायतों के सूचना पटल और स्थानीय माध्यमों से सार्वजनिक की जाएगी, ताकि कोई पात्र परिवार लाभ से वंचित न रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page