छत्तीसगढ़बिलासपुर

धान खरीदी में 28.52 लाख का घोटाला: मस्तुरी पुलिस ने समिति के कम्प्यूटर ऑपरेटर को किया गिरफ्तार .

बिलासपुर । धान खरीदी केंद्र में हेराफेरी कर शासन को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने वाले आरोपी के खिलाफ मस्तुरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सेवा सहकारी समिति मर्यादित एरमसाही के धान खरीदी केंद्र में अनियमितता करने वाले कम्प्यूटर ऑपरेटर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मामला थाना मस्तुरी क्षेत्र का है, जहां जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित मस्तुरी, बिलासपुर के द्वारा थाना में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। आवेदन में उल्लेख किया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025 के दौरान सेवा सहकारी समिति मर्यादित एरमसाही (पंजीयन क्रमांक 687) के धान खरीदी केंद्र में कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटर कांशी राम खुटे द्वारा जानबूझकर धान खरीदी में फर्जीवाड़ा किया गया है।

संयुक्त जांच दल द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में समिति केंद्र में 920 क्विंटल धान कम पाया गया। जांच में यह सामने आया कि आरोपी ने शासन द्वारा जारी धान उपार्जन नीति का उल्लंघन करते हुए फर्जी प्रविष्टियां कीं, जिससे शासन को कुल 28 लाख 52 हजार रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।

पुलिस ने अपराध क्रमांक 821/2025 के तहत धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। विवेचना के दौरान आरोपी कांशी राम खुटे पिता अंजोरी खुटे उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम एरमसाही थाना मस्तुरी को उसके निवास स्थान से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।

इसके बाद मस्तुरी पुलिस ने आरोपी को दिनांक 16 दिसंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस प्रकार की अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page