
बिलासपुर। थाना कोटा पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 10 नवंबर 2025 को थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक छोटा हाथी वाहन में अवैध रूप से कबाड़ का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम रवाना की गई और मुखबिर के बताए मार्ग पर घेराबंदी की गई।
घेराबंदी के दौरान सफेद रंग का छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG 10 C 5074 को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें लगभग 1.5 क्विंटल पुराने स्टील बर्तन, कढ़ाई एवं अन्य कबाड़ सामग्री बरामद हुई। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत ₹51,000 तथा वाहन की कीमत ₹30,000 मिलाकर कुल ₹81,000 आंकी गई।

वाहन चालक भरत वैष्णव पिता नर्मदा वैष्णव (24 वर्ष), निवासी खुरदुर, थाना कोटा को मौके पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 35(3) बीएनएसएस / 303(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है। जब्त वाहन एवं कबाड़ सामग्री को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग, स.उ.नि. शिवकुमार साहू, प्र.आर. हरप्रसाद डहरिया, आरक्षक ओमकार नेताम एवं विनोद यादव की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस द्वारा इस प्रकार की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।




