
बिलासपुर। कोटा विकासखंड अंतर्गत ग्राम तेन्दुआ (खैरहाबांध) में प्रस्तावित नई शराब भट्टी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्राम पंचायत नांगचुण व ग्राम बासाझाल के ग्रामीणों ने कलेक्टर बिलासपुर को ज्ञापन सौंपते हुए भट्टी को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
ग्रामवासियों का कहना है कि जिस स्थान पर शासन द्वारा शराब भट्टी खोले जाने का प्रस्ताव है, वह गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित है। उसी मार्ग पर प्रसिद्ध धुंधी माता मंदिर है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं और नवरात्रि पर्व पर हजारों की भीड़ जुटती है। ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर के पास शराब दुकान खुलने से धार्मिक माहौल प्रभावित होगा। इसके अलावा, प्रस्तावित स्थल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर उपस्वास्थ्य केंद्र भी है तथा आसपास घनी आबादी व स्कूल जाने वाले बच्चे रहते हैं। ऐसे में शराब भट्टी खुलने से असामाजिक गतिविधियों के बढ़ने का खतरा रहेगा और बच्चों, महिलाओं तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहेगी।
ग्रामीणों ने कलेक्टर से निवेदन किया है कि प्रस्तावित स्थान पर शराब भट्टी न खोली जाए और इसके लिए किसी वैकल्पिक स्थान का चयन किया जाए ताकि गांव का सामाजिक व धार्मिक वातावरण सुरक्षित रहे। ज्ञापन की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोटा, तहसीलदार कोटा तथा आबकारी विभाग कोटा को भी भेजी गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि उनकी मांग पर शीघ्र कार्यवाही नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई है कि प्रशासन उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए उचित निर्णय लेगा।




